महिला और ओला चालक का शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी ।

  • महिला और ओला चालक का शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी ।

बदलापुर : बदलापुर शहर के जिवेली गांव क्षेत्र में एक महिला और ओला चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत महिला की पहचान मनीषा भोसले के रूप में हुई है, जबकि मृत ओला चालक गणेश शिंदे घाटकोपर निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के समय महिला का तीन वर्षीय बेटा भी कार में मौजूद था, जिसके बयान ने मामले की जांच को नया मोड़ दे दिया है। डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मनीषा भोसले जिवेली गांव की निवासी थीं, जबकि उनके पति घाटकोपर में चाय का व्यवसाय करते हैं। प्रारंभिक पूछताछ में महिला के तीन वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि “ड्राइवर काका ने मेरी मां की हत्या की।” बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है। हालांकि, इसके बाद ओला चालक गणेश शिंदे की मौत कैसे हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चालक की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की। महिला और चालक के बीच क्या संबंध थे, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या नहीं, तथा इस दोहरे मौतकांड के पीछे की असली वजह क्या है, इसकी जांच पुलिस विभिन्न पहलुओं से कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल जारी है।