- ठाणे अपराध शाखा के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हशीश और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल किया जब्त ।
ठाणे : मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठाणे अपराध शाखा के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हशीश और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं। इस मामले में जम्मू-कश्मीर और गुजरात से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक आरोपी पहले भी दो बार एनडीपीएस मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, खारेगांव टोल नाका के पास बिछाए गए जाल में गुजरात के भरूच निवासी फिरोज अब्दुल खान (52) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 3 किलो 20 ग्राम हशीश (कीमत करीब 3.02 करोड़ रुपये) तथा 12,984 ट्रामाडोल कैप्सूल (कीमत 1.48 लाख रुपये) बरामद किए गए। इसके अलावा नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और गहन पड़ताल के आधार पर पुलिस ने इस रैकेट के मुख्य आरोपी मोहम्मद अशरफ गुलाम अहमद शेदा (42) निवासी अनंतनाग, जम्मू-कश्मीर को 19 मई 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद 6 जून 2026 को कुपवाड़ा जिले के देवर लोलाब निवासी शौकत अजीज मीर उर्फ जुबैर को भी उसके घर से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर ठाणे लाया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त हशीश जम्मू-कश्मीर से महाराष्ट्र लाई गई थी। वहीं, इतनी बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी के पीछे के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आरोपी फिरोज अब्दुल खान के खिलाफ पहले भी वर्ष 2008 में गुजरात और 2017 में जम्मू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए थे, जिनमें उसे सजा भी हो चुकी है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ए), 20(बी), 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के पुलिस निरीक्षक सोमनाथ कर्णवर-पाटिल के नेतृत्व में जारी है। यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) डॉ. पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।
