बदलापूर में हृदयविदारक घटना! आवारा कुत्तों से बचकर भाग रहे 18 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक आने से मौत, इलाके में शोक – बदलापूर में करीब 15 हजार आवारा कुत्ते
बदलापूर : ठाणे जिले के बदलापूर में आवारा कुत्तों से बचकर भाग रहे 18 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान हर्षल शिंदे के रूप में हुई है। हर्षल शिंदे अपने दोस्तों के साथ बदलापूर पश्चिम के शनिनगर इलाके में एक मित्र को छोड़ने गया था। इसी दौरान वहां एक महिला आवारा कुत्तों को खाना खिलाती हुई दिखाई दी। तभी वहां मौजूद एक आवारा कुत्ता हर्षल शिंदे और उसके दोस्त के पीछे पड़ गया। कुत्ते से बचने के लिए हर्षल शिंदे जान बचाकर भागा और पास की एक दुकान में जाकर छिप गया। लेकिन इस दौरान उसे दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हर्षल शिंदे के शव का बदलापूर के ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक आने के कारण हुई है। बताया जा रहा है कि हर्षल शिंदे की करीब तीन साल पहले दिल की बाईपास सर्जरी हुई थी। आवारा कुत्ते से घबराकर वह काफी तेज गति से भागा, जिससे उसके दिल पर अत्यधिक दबाव पड़ा और उसे हार्ट अटैक आ गया। नगर पालिका प्रशासन ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है। नगराध्यक्ष रुचिता घोरपड़े ने आश्वासन दिया है कि प्रशासन जल्द से जल्द शहरवासियों को आवारा कुत्तों की समस्या से राहत दिलाने के लिए कदम उठाएगा। जानकारी के मुताबिक, बदलापूर शहर में करीब 15 हजार आवारा कुत्ते हैं।

Post Views: 18