- छठ पूजा से पूर्व रायलादेवी तालाब पर शिवशांति प्रतिष्ठान का स्वच्छता अभियान ।
ठाणे : छठ पूजा के पावन पर्व पर छठव्रतियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिवशांति प्रतिष्ठान द्वारा शनिवार को रायलादेवी तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने तालाब परिसर से प्लास्टिक की थैलियां, निर्माल्य, सूखे पत्ते एवं अन्य कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं संस्था के संकल्प के साथ हुई। इस अवसर पर एडवोकेट विनय कुमार सिंह ने कहा कि शिवशांति प्रतिष्ठान पिछले कई वर्षों से छठ पूजा के पूर्व एवं पश्चात स्वच्छता अभियान आयोजित करता आ रहा है। उन्होंने पूर्व नगरसेवक एकनाथ भोईर के प्रयासों एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष ठाणे महानगरपालिका द्वारा पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर एवं व्यवस्थित तैयारियां की गई हैं। तालाब की स्वच्छता और छठव्रतियों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने विशेष ध्यान दिया है, जो सराहनीय है। उन्होंने प्रशासन एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। स्वच्छता अभियान के बाद संस्कार क्लासेस के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर पथनाट्य प्रस्तुत कर लोगों को प्लास्टिक मुक्त वातावरण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर पूर्व नगरसेवक एकनाथ भोईर, शिव परिवार पं. राम मिलन शुक्ल, संस्कार ट्रस्ट की अध्यक्षा लक्ष्मी मौर्य, शिव परिवार रिक्शा टैक्सी कल्याण समिति शिवदूत अरविंद गिरी, शिवदूत अशोक गिरी, पर्यावरणप्रेमी गोपाल ठाकुर, एडवोकेट शिक्षा संस्कार, प्रशांत दलाई, महेंद्र पटेल सहित संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिवशांति प्रतिष्ठान ने छठ पूजा के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से तालाब परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

Post Views: 58