- रायता नदी के नए पुल पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, 1 की मौत, 1 घायल; 81 वर्षीय चालक पर केस दर्ज!
कल्याण : कल्याण के पास नव निर्मित रायता नदी के पुल पर तेज रफ्तार से जा रही कार का नियंत्रण छूटने से वह डिवाइडर से टकरा गई। गुरुवार रात करीब 8:15 बजे हुए इस भीषण हादसे में राज बहादुर अमरदेव जायसवाल (39) की मौत हो गई और अशोक कमला दुबे घायल हो गए। टिटवाला पुलिस ने 81 वर्षीय चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मुंबई के साकीनाका निवासी लक्ष्मण जीतराम थिलवानी (81) लाल रंग की मारुति स्विफ्ट कार (MH 02 EU 8753) नए रायता नदी के पुल से चला रहे थे। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से और अत्यधिक गति से गाड़ी चलाते हुए वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी पुल के डिवाइडर से टकरा गई। राज बहादुर जायसवाल के सिर, हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हादसे में अशोक दुबे भी घायल हो गए। सुरेश बिप्रचरण दास की शिकायत पर टिटवाला के कल्याण तालुका पुलिस थाने में मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धनंजय पोरे के मार्गदर्शन में पुलिस कांस्टेबल रमेश शेडगे इस मामले की आगे जांच कर रहे हैं।

Post Views: 20