- शादी का झांसा देकर 6 साल तक शोषण का आरोप, सवाल पूछने गई युवती को 3 घंटे बंधक बनाया, मुख्य आरोपी गिरफ्तार!
कल्याण : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में शादी का झांसा देकर 6 साल तक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि शादी का झूठा वादा करके करीब 6 से 7 साल तक उसका लगातार शोषण किया गया। शिकायत के मुताबिक, जब युवती आरोपी के इस धोखे का विरोध करने और सवाल-जवाब करने गई, तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उसे 3 घंटे तक बंधक बनाए रखा और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन की टीम ने मुख्य आरोपी सुजल गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार वह पिछले 6-7 सालों से आरोपी के साथ रिलेशनशिप में थी। उसका आरोप है कि 6 अप्रैल को उन्होंने बौद्ध रीति-रिवाजों से शादी भी कर ली थी, लेकिन बाद में आरोपी ने किसी और महिला से शादी करने का फैसला कर लिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन घटनाओं से परेशान होकर पीड़िता ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। 13 मई को आरोपी के दूसरी महिला से शादी करने के बाद भी उसे परेशान किया जाता रहा। यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिराम सिंह परदेशी के मार्गदर्शन में की गई है। महात्मा फुले पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Post Views: 26