- डोंबिवली MIDC : दिवाली के बाद मिलापनगर तालाब में फिर फैला कचरे का साम्राज्य, स्थानीय लोगों में नाराजगी!
डोंबिवली : डोंबिवली एमआईडीसी परिसर के मिलापनगर तालाब की स्वच्छता के लिए स्थानीय रहिवासी लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन दिवाली के बाद तालाब परिसर में फिर से कचरे का साम्राज्य फैल गया है। त्योहार के दौरान जमा हुआ कचरा, निर्माल्य, प्लास्टिक और पूजा का सामान तालाब के किनारे ही नहीं, बल्कि सीधे पानी में फेंका गया है, जिससे परिसर की स्वच्छता का सवाल फिर से सामने आ गया है। पिछले पांच दिनों में तालाब परिसर में पटाखों का कचरा, दिए, नारियल, देवी-देवताओं की मूर्तियां और तस्वीरें, दिवंगत व्यक्तियों की तस्वीरें तथा अन्य पूजा सामग्री फेंकी गई है। खास बात यह है कि तालाब परिसर में कचरा और निर्माल्य न डालने का स्पष्ट बोर्ड लगाया गया है, फिर भी कुछ नागरिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। मिलापनगर तालाब डोंबिवली एमआईडीसी परिसर का महत्वपूर्ण जलस्रोत है और इसके प्रदूषण के कारण पहले भी मछलियों के मरने की घटनाएं हो चुकी हैं। नागरिकों की शिकायतों के बाद कुछ दिन पहले ही महानगरपालिका आयुक्त और घनकचरा उपायुक्त डॉ. रामदास कोकरे ने तालाब का निरीक्षण किया था। इसके बावजूद तालाब में कचरा डालने का सिलसिला जारी रहने से स्थानीय रहिवासियों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि मनपा प्रशासन तालाब परिसर में कचरा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई करे, नियमित सफाई करे और तालाब को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए स्थायी व्यवस्था करे।

Post Views: 285