छठ महापर्व पर सभी घाटों पर सुविधा की मांग, शिवसेना कल्याण शहरप्रमुख सी.पी. मिश्रा ने आयुक्त को दिया निवेदन!

  • छठ महापर्व पर सभी घाटों पर सुविधा की मांग, शिवसेना कल्याण शहरप्रमुख सी.पी. मिश्रा ने आयुक्त को दिया निवेदन!
प्रमोद कुमार
कल्याण : उत्तर भारतीय समाज के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र के सभी छठ पूजा स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शिवसेना, कल्याण शहरप्रमुख (उत्तर भारतीय विभाग) सी. पी. मिश्रा ने महानगरपालिका आयुक्त अभिनव गोयल जी को लिखित निवेदन दिया है। निवेदन में कहा गया है कि कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु विभिन्न नदी घाटों, तालाबों, कृत्रिम जलाशयों एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना करते हैं। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, लोकपरंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए मनपा प्रशासन द्वारा सभी छठ पूजा स्थलों पर निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई है :
1. प्रकाश व्यवस्था : सभी पूजा स्थलों एवं आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था।
2. साफ-सफाई : घाटों, तालाबों एवं आसपास के परिसर की विशेष सफाई तथा नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था।
3. जल व्यवस्था : पूजा स्थलों पर स्वच्छ जल एवं आवश्यकतानुसार पानी की उपलब्धता।
4. सुरक्षा व्यवस्था : श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बैरिकेडिंग, पुलिस समन्वय एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजाम।
5. स्वास्थ्य सुविधा : प्राथमिक चिकित्सा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था।
6. मोबाइल शौचालय : महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त अस्थायी शौचालय।
7. यातायात व्यवस्था : पूजा स्थलों के आसपास यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग की उचित व्यवस्था।
8. विशेष निरीक्षण : सभी छठ पूजा स्थलों का संबंधित अधिकारियों द्वारा पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा।
निवेदन में आगे कहा गया है कि छठ महापर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही अथवा अव्यवस्था से श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए। यह किसी एक समाज की मांग नहीं, बल्कि नागरिकों की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा एवं सम्मान से जुड़ा विषय है। इसलिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश देकर समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने की कृपा करें।
हमें आशा है कि महानगरपालिका प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सभी छठ पूजा स्थलों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
सी. पी. मिश्रा
शिवसेना, कल्याण शहरप्रमुख (उत्तर भारतीय विभाग)