ठाणे में दिवाली के फराल से महिला बचत समूहों को स्वावलंबन का मौका, 350 महिलाओं को रोजगार ।

  • ठाणे में दिवाली के फराल से महिला बचत समूहों को स्वावलंबन का मौका, 350 महिलाओं को रोजगार ।
ठाणे : दिवाली के फराल की बढ़ती मांग अब ठाणे के महिला बचत समूहों के लिए आर्थिक स्वावलंबन का नया जरिया बन रही है। महिला विकास परिवार गृहउद्योग के जरिए शहर के 200 से अधिक महिला बचत समूहों द्वारा बनाए गए घरेलू फराल की बिक्री की जा रही है। इस पहल से हर साल करीब 20 लाख रुपये का कारोबार होता है और 300 से 350 महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। पिछले नौ साल से यह उपक्रम लगातार चल रहा है। विधायक संजय केलकर की पहल और विधायक निरंजन डावखरे के सहयोग से शुरू हुए इस उपक्रम का प्रबंधन महिला विकास परिवार के पंढरीनाथ पवार करते हैं। इस साल भी दिवाली पर ठाणे शहर में विभिन्न जगहों पर फराल बिक्री केंद्र शुरू किए गए हैं। बचत समूहों द्वारा घरेलू तरीके से बनाई गई चकली, चिवड़ा, लड्डू, करंजी सहित पारंपरिक व्यंजनों को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दिवाली की व्यस्तता के कारण घर पर फराल न बना पाने वाले नागरिकों को इन केंद्रों से वाजिब दाम पर घर जैसा फराल मिल रहा है, वहीं महिलाओं के उत्पादों को बाजार भी मिल रहा है।