मुंबई से दिल्ली तक सनातन रथ यात्रा

चार प्रमुख मांगों को लेकर जनसमर्थन जुटाने निकले यात्री

वेद प्रकाश तिवारी ने भगवा शाल पहनाकर किया स्वागत

हिन्द सागर/संजय पाल
विरार: सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुंबई के आजाद मैदान से दिल्ली तक सनातन रथ यात्रा निकाली गई है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य अपनी चार प्रमुख मांगों को देशभर में पहुंचाना और जनसमर्थन जुटाना है। मुंबई से दिल्ली तक पैदल यात्रा के माध्यम से विभिन्न जिलों और गांवों में लोगों से संपर्क किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि रास्ते में यात्रा को लोगों का स्वागत और समर्थन मिल रहा है।

सनातन रथ यात्रा की प्रमुख मांगों में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करना, जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाना, भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करना तथा लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाना शामिल है। यात्रा में शामिल लोग इन मांगों को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद कर रहे हैं और अपने अभियान के प्रति जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।

वेदप्रकाश तिवारी ने किया स्वागत:

यात्रा के दौरान दैनिक हिन्द सागर के संपादक वेद प्रकाश तिवारी ने यात्रा में शामिल सदस्यों को भगवा शाल पहनाकर सम्मानित किया और स्वयं भी यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर भारत गैस एजेंसी के संचालक रमेश यादव, हिन्द सागर के पत्रकार संजय पाल तथा एस.आर.के. को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन सुभाष मिश्रा भी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत और अभिनंदन किया।

*राष्ट्रीय पदाधिकारी भी यात्रा में शामिल*

यात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार राय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बजरंग बहादुर सिंह, राष्ट्रीय सचिव दीपक बिनोद सिंह, राष्ट्रीय महासचिव शेष नाथ सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय पाठक और राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष पवन कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी शामिल हैं। आयोजकों के मुताबिक, मुंबई से दिल्ली तक प्रस्तावित इस यात्रा के जरिए चारों मांगों को व्यापक स्तर पर उठाने और देशभर में जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।