किसानों की दिवाली काली नहीं होने देंगे, किसानों की बेटियों की शादी की जिम्मेदारी शिवसेना की : डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे

  • किसानों की दिवाली काली नहीं होने देंगे, किसानों की बेटियों की शादी की जिम्मेदारी शिवसेना की : डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे
मुंबई : गोरेगांव के नेस्को सेंटर में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दशहरा मेला संपन्न हुआ। इस दौरान अपने भाषण में शिंदे ने राज्य में छाए सूखे पर विस्तार से बात की और किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा, “हम किसानों और मेहनतकशों के साथ हैं। हम किसानों की दिवाली काली नहीं होने देंगे। मैं किसानों के साथ मजबूती से खड़ा हूं।”
बेटियों की शादी कराएगी शिवसेना
शिंदे ने घोषणा की कि जिन किसानों की बेटियों की शादी होनी है, उनकी शादी की पूरी जिम्मेदारी शिवसेना उठाएगी। इसके लिए सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने मंच से ही शिवसेना के सभी सांसदों और विधायकों को ऐसे किसानों की बेटियों की सूची तैयार करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, “आज अगर बाला साहब ठाकरे और आनंद दिघे होते तो कहते कि त्योहार-उत्सव छोड़ो और किसानों की मदद के लिए दौड़ो। वही हम कर रहे हैं। हम सिर्फ भाषण नहीं देंगे, काम से जवाब देंगे।” उन्होंने बताया कि किसानों को दिवाली का राशन दिया जा रहा है, परभणी में 25 हजार सिलाई मशीनें बांटी गई हैं और किसानों की बेटियों के लिए 25 हजार साइकिल बांटने की योजना शुरू की गई है। राज्य सरकार द्वारा सूखाग्रस्त किसानों के लिए घोषित 5 हजार रुपये की मदद का वितरण शुरू हो गया है।
विपक्ष पर निशाना और केंद्र का भरोसा
विपक्ष पर हमला बोलते हुए शिंदे ने कहा, “हमने सूखाग्रस्त इलाकों में मदद से भरे सैकड़ों ट्रक भेजे हैं, आपने क्या एक बिस्किट का पैकेट भी वहां पहुंचाया है?” किसानों को केंद्र सरकार के समर्थन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है “शिंदे जी, चिंता मत कीजिए” और गृह मंत्री अमित शाह ने भरोसा दिया है कि “हम किसानों के पीछे चट्टान की तरह खड़े हैं।”