चुनाव से पहले बाहुबली विजय मिश्रा को बड़ी राहत! 16 साल पुराने मुकदमे में अदालत ने किया आरोप मुक्त

  • चुनाव से पहले बाहुबली विजय मिश्रा को बड़ी राहत! 16 साल पुराने मुकदमे में अदालत ने किया आरोप मुक्त

उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्रा को 16 साल पुराने एक मुकदमे में अदालत से बड़ी राहत मिली है। एमपी-एमएलए अदालत की न्यायाधीश पुष्पा सिंह ने आपराधिक साजिश, जालसाजी और कूटरचना से जुड़े मामले में संदेह का लाभ देते हुए उन्हें आरोप मुक्त कर दिया। दरअसल, यह मामला वर्ष 2010 का है। 22 अप्रैल 2010 को औराई थाने में विजय मिश्रा के खिलाफ आबकारी अधिनियम, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने उन्हें इस मामले में आरोप मुक्त कर दिया। हालांकि, विजय मिश्रा के लिए यह राहत एक मामले तक सीमित है। वाराणसी की एक युवती से दुष्कर्म के मामले में वह आगरा जेल में निरुद्ध हैं। उनके खिलाफ 60 से अधिक मामले दर्ज होने की बात कही जाती है और करीब पांच मामलों में उन्हें सजा भी हो चुकी है। अब सवाल यह है कि चुनावी माहौल से पहले विजय मिश्रा को मिली इस कानूनी राहत के सियासी मायने क्या हैं? क्या आने वाले दिनों में भदोही और पूर्वांचल की राजनीति में उनके नाम की चर्चा तेज होगी?फिलहाल, 16 साल पुराने इस मुकदमे में अदालत के फैसले ने विजय मिश्रा को राहत जरूर दी है, लेकिन उनके खिलाफ अन्य मामलों की कानूनी स्थिति अलग है।