सीरवी समाज सूरत का 39वां वार्षिक सम्मेलन आज से

सीरवी समाज सूरत का 39वां वार्षिक सम्मेलन आज से

रविवार को निकलेगी आईमाता की भव्य शोभायात्रा:

हिन्द सागर@सूरत:सीरवी समाज (गुजरात) सूरत के तत्वावधान में 39वां वार्षिक सम्मेलन एवं भादवा सुदी बीज महोत्सव 12 एवं 13 सितंबर को विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। समाज के अध्यक्ष हेमाराम पंवार ने बताया कि आज शनिवार रात 8 बजे परवत पाटिया स्थित आईमाता रोड सीरवी समाज भवन में भजन-कीर्तन से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। भजन कलाकार सोनू सिसोदिया एंड पार्टी भजनों की प्रस्तुति देंगे। सचिव भंवरलाल भायल ने बताया कि रविवार सुबह समाज भवन से बाजे-गाजे के साथ आईमाता की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा अर्चना चौक एवं आईमाता चौक होते हुए पुन: समाज भवन पहुंचेगी। प्रात: 10 बजे आईमाता की आरती के साथ आमसभा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा में सुसज्जित रथ पर आईमाता की तस्वीर के साथ विभिन्न जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महिला मंडल की सदस्याएं पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत करेंगी। गैर मंडली एवं समाजबंधु नाचते-झूमते हुए शामिल होंगे। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। कोषाध्यक्ष हेमराज मुलेवा ने बताया कि वार्षिक सम्मेलन में गत वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। सचिव भंवरलाल भायल समाज की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी देंगे। रविवार रात 8 बजे पुन: भजन-कीर्तन होगा। माताजी के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
सहसचिव सीए पूनमचंद परिहार ने बताया कि महोत्सव को लेकर पदाधिकारी, कार्यकारिणी एवं समाजबंधु तैयारियों में जुटे हैं। मीडिया प्रभारी पेमाराम सोयल ने बताया कि 20 सितंबर को समाज भवन में प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जायेगा।