- टोरेंट पावर ने बिजली के लिहाज़ से असुरक्षित 266 इमारतों को जारी किए नोटिस ।
ठाणे : मानसून के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की बढ़ती संभावना को देखते हुए टोरेंट पावर ने फ्रेंचाइजी क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया है। इस पहल का उद्देश्य सुरक्षित बिजली उपयोग को बढ़ावा देना तथा विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है। इस अभियान के अंतर्गत विद्युत दृष्टि से असुरक्षित पाई गई २६६ इमारतों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन इमारतों को मुख्यतः दो श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। पहली श्रेणी में वे इमारतें शामिल हैं जहां मीटर के बिना अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। इस प्रकार का अनधिकृत उपयोग असुरक्षित एवं अतिभारित विद्युत नेटवर्क का निर्माण करता है, जिससे करंट लगने, शॉर्ट सर्किट, आग लगने तथा अन्य गंभीर एवं जानलेवा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। टोरेंट पावर द्वारा अनधिकृत कनेक्शनों को हटाने हेतु नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जाते रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग अपने स्वार्थवश अनधिकृत बिजली उपयोग जारी रखते हैं, जिससे दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका वाले असुरक्षित विद्युत नेटवर्क विकसित होते हैं। मानसून के दौरान ऐसे नेटवर्क और भी अधिक खतरनाक साबित होते हैं तथा विद्युत दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक हैं। संबंधित इमारतों को नोटिस के ज़रिए अधिकृत बिजली मीटर प्राप्त कर अपने बिजली उपयोग को नियमित करने की सलाह दी गई है। दूसरी श्रेणी में ऐसी इमारतें आती हैं जहाँ बिजली के मीटर तो लगे हैं, लेकिन अंदर की वायरिंग और मीटर से उपभोक्ता के परिसर तक जाने वाली वायरिंग असुरक्षित है, उसका रखरखाव ठीक से नहीं किया गया है या उसे बदलने की ज़रूरत है। ऐसी व्यवस्था विशेष रूप से मानसून के दौरान गंभीर जोखिम उत्पन्न कर सकती है। इमारतों को नोटिस के ज़रिए सलाह दी गई है कि वे लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल कॉन्ट्रैक्टरों के ज़रिए अपने इलेक्ट्रिकल वायरिंग की ज़रूरी मरम्मत और नवीनीकरण का काम करवाएं। इस अभियान के तहत जिन इमारतों को नोटिस दिया गया है उनमें से कुछ नाम – परशुराम निवास (कनेरी), मास्टर अपार्टमेंट (गौरीपाड़ा), जलाराम हाउसिंग सोसाइटी (गोकुल नगर), शिवम रेजीडेंसी (तेमघर पाड़ा), सदफ अपार्टमेंट (वफा कॉम्प्लेक्स) अल सबा अपार्टमेंट (अवचित पाड़ा), रहमत कॉम्प्लेक्स (पिरानी पाड़ा), यशराज अपार्टमेंट (पद्म नगर) और तहमी अपार्टमेंट (निज़ामपुरा)।जन-सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए, टोरेंट पावर कंज्यूमर पोर्टल पर बिजली के लिहाज़ से असुरक्षित पहचानी गई इमारतों की पूरी सूची जारी की है। नागरिक सही फ़ैसला लेने के लिए इस सूची को देख सकते हैं। टोरेंट पावर सभी उपभोक्ताओं, हाउसिंग सोसायटियों, मकान मालिकों एवं संपत्ति धारकों से अपील करती है कि वे केवल अधिकृत बिजली कनेक्शन का उपयोग करें तथा अपनी विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करें, ताकि विद्युत दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।
