- वारकरी परंपरा की भक्ति में सराबोर , कमलादेवी शिक्षण संस्था की भव्य डिंडी यात्रा ।
कल्याण : कमलादेवी शिक्षण संस्था द्वारा संचालित कमलादेवी पब्लिक स्कूल एवं कमलादेवी कनिष्ठ तथा वरिष्ठ महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आज महाराष्ट्र की समृद्ध वारकरी परंपरा को जीवंत करते हुए श्री विठ्ठल नाम की भव्य डिंडी यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर श्री विठ्ठल मंदिर तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुई। इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन का सफल संचालन कमलादेवी महाविद्यालय तथा कमलादेवी पब्लिक स्कूल के संस्कृति विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कमलादेवी पब्लिक स्कूल की स्काउट एवं गाइड यूनिट तथा महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विभाग ने अनुशासन, सेवा भावना और सांस्कृतिक प्रस्तुति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। डिंडी यात्रा के दौरान लेझिम, ढोल-ताशों और पारंपरिक वाद्यों की मधुर धुनों के साथ वातावरण “जय जय राम कृष्ण हरी” तथा “विठ्ठल-विठ्ठल” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में वारकरी संस्कृति का मनमोहक प्रदर्शन करते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में कमलादेवी शिक्षण संस्था के अध्यक्ष सदानंद बाबा तिवारी, संस्था की कोषाध्यक्ष श्रीमती श्वेता पांडे, कमलादेवी महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सिम्मी सिंह, कमलादेवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अमर मुनेश्वर तथा महाविद्यालय के रजिस्ट्रार सचिन चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए वारकरी परंपरा के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। श्री विठ्ठल मंदिर प्रशासन द्वारा प्राप्त उत्कृष्ट सहयोग से कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। साथ ही, इस आयोजन की सफलता में सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश तरे का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन भी उल्लेखनीय रहा, जिसके लिए संस्था ने उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम भक्ति, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक गौरव का अनुपम उदाहरण बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Post Views: 93