- आधारवाडी केंद्रीय कारागार में गैस भभकने की घटना में दो कैदी झुलसे।
कल्याण : कल्याण स्थित आधारवाडी केंद्रीय कारागार में मंगलवार सुबह गैस भभकने की घटना में दो कैदी झुलस गए। हादसे के बाद जेल प्रशासन ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक कैदी का इलाज उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे को बेहतर उपचार के लिए कलवा अस्पताल रेफर किया गया है। खड़कपाड़ा पुलिस के अनुसार, घायल कैदियों की पहचान तारक गाजी (30) और आशिफ सिन्दू (38) के रूप में हुई है। दोनों जेल के रसोईघर में पानी गर्म करने गए थे। इसी दौरान अचानक गैस भभकने से वे उसकी चपेट में आ गए और झुलस गए। घटना के तुरंत बाद जेल कर्मचारियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों कैदियों को जलने की चोटें आई हैं। तारक गाजी का उपचार उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में जारी है, जबकि आशिफ सिन्दू की स्थिति को देखते हुए उसे कलवा स्थित अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही खड़कपाड़ा पुलिस आधारवाडी जेल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस रसोईघर में लगे गैस उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसा गैस भभकने से होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
