देह व्यापार रैकेट के मुख्य आरोपी तौफिक उर्फ टोप्या सय्यद और मिता नारायण बारिक को कल्याण पुलिस ने पश्चिम बंगाल से किया गिरफ्तार ।

  • देह व्यापार रैकेट के मुख्य आरोपी तौफिक उर्फ टोप्या सय्यद और मिता नारायण बारिक को कल्याण पुलिस ने पश्चिम बंगाल से किया गिरफ्तार ।

कल्याण : कल्याण रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित संगठित देह व्यापार रैकेट के मुख्य आरोपी तौफिक उर्फ टोप्या सय्यद और मिता नारायण बारिक को कल्याण पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने पूरे रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 20 पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया है। मामले में कुल 8 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनमें 2 पुरुष और 6 महिला आरोपी शामिल हैं। सभी आरोपियों पर मकोका (MCOCA) के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में कल्याण एसीपी अशोक होनमाने एवं महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिराम सिंह परदेशी और उनकी टीम की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में महात्मा फुले चौक पुलिस थाने में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान इस संगठित रैकेट का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाओं को पैसों का लालच देकर और दबाव बनाकर देह व्यापार के धंधे में धकेलते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई पर पूरा गिरोह निर्भर था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले सात महिला आरोपियों और एक अन्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी। फरार आरोपी प्रशांत उर्फ कव्वा गायकवाड़ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि रैकेट का सरगना तौफिक उर्फ टोप्या सय्यद और मिता नारायण बारिक पश्चिम बंगाल में छिपे हुए हैं। इसके बाद विशेष पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर कल्याण लाया। पुलिस ने इस अभियान के दौरान 20 पीड़ित महिलाओं को रैकेट के चंगुल से मुक्त कराया। ठाणे शहर पुलिस के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को देह व्यापार के संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। डीसीपी अतुल झेंडे ने बताया कि यह एक संगठित अपराध गिरोह था, जिसके खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।