सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल, प्रकाश मुथा के बेटे अविनाश मुथा गिरफ्तार ।

  • सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल, प्रकाश मुथा के बेटे अविनाश मुथा गिरफ्तार ।

कल्याण : कल्याण के प्रसिद्ध ज्वैलर्स, बिल्डर और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े प्रकाश मुथा के बेटे अविनाश मुथा को एक सड़क दुर्घटना के मामले में उल्हासनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार (एमएच 05 ईजे 4041) भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे बिर्ला गेट स्थित कमल लॉज के सामने हुआ। म्हारल गांव निवासी देवेंद्रसिंह राजपूत (51) अपने बेटे संजय राजपूत के साथ स्कूटी (एमएच 05 डीएल 6085) पर म्हारल से शहाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अविनाश मुथा की कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में देवेंद्रसिंह राजपूत और उनके बेटे संजय राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने देवेंद्रसिंह राजपूत को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके बेटे संजय राजपूत की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही उल्हासनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर अविनाश मुथा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार के मुखिया की मौत से राजपूत परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं परिजन संजय राजपूत के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।