- केएनटी पब्लिक स्कूल में स्कूल ड्रेस बदलने और उसकी बढ़ी हुई कीमत को लेकर अभिभावकों में नाराज़गी ।
कल्याण : टिटवाला स्थित केएनटी पब्लिक स्कूल में स्कूल ड्रेस बदलने और उसकी बढ़ी हुई कीमत को लेकर अभिभावकों में नाराज़गी देखने को मिली। कई अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर बिना पर्याप्त समय दिए नई ड्रेस लागू करने और पिछले वर्ष की तुलना में अधिक कीमत वसूलने का आरोप लगाया। वहीं कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए ड्रेस की बिक्री केवल एक ही दुकान से कराए जाने पर आपत्ति जताई। कुछ अभिभावकों का कहना है कि पहले से ही बढ़ती महंगाई के दौर में स्कूल ड्रेस की कीमत बढ़ने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस मुद्दे पर सामाजिक कार्यकर्ता विजय देशकर ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल यूनिफॉर्म केवल एक ही दुकान पर उपलब्ध कराना उचित नहीं है। उनका कहना है कि यदि ड्रेस अन्य दुकानों पर भी उपलब्ध हो तो अभिभावकों को विकल्प मिलेगा और पारदर्शिता बनी रहेगी। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या ड्रेस की बिक्री एक ही विक्रेता तक सीमित रखने से स्कूल प्रबंधन को कोई लाभ हो रहा है।
