खिलाड़ियों का भव्य मार्च, ट्रॉफी का अनावरण, अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का सम्मान! डोंबिवली में ‘खासदार क्रीड़ासंग्राम सीजन 2’ का धमाकेदार शुभारंभ ।
डोंबिवली : खिलाड़ियों के शानदार मार्च, ट्रॉफी के अनावरण, अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों के साथ डोंबिवली के सावलाराम म्हात्रे क्रीड़ा संकुल में शुक्रवार को ‘खासदार क्रीड़ासंग्राम सीजन 2’ का भव्य शुभारंभ हुआ। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की पहल और डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन* के माध्यम से आयोजित इस खेल महोत्सव के उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस साल के क्रीड़ासंग्राम में 75,000 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने का लक्ष्य है, और 32 विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं 35 से अधिक खेल स्थलों पर 29 नवंबर तक चलेंगी। ठाणे, कल्याण और भिवंडी इन तीन लोकसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों को इस माध्यम से बड़ा मंच मिला है।
उद्घाटन समारोह में क्रीड़ासंग्राम की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के अनुशासित मार्च ने सभी का मन जीत लिया। इस दौरान पैरा एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता प्रणव देसाई और युवा ओलंपिक कांस्य पदक विजेता शौर्या अंबुरे का विशेष सम्मान किया गया। अभिनेत्री निम्रत कौर की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। महाराष्ट्र की शौर्य परंपरा को जगाने वाले पोवाडा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कुश्ती के अखाड़े में हुई कड़ी टक्कर ने समारोह की शोभा बढ़ा दी। पहलवान दादा शेळके बनाम माउली कोकाटे और सोनाली मंडलिक बनाम विशाखा चव्हाण* के बीच कुश्ती मुकाबला विशेष आकर्षक रहा। इस अवसर पर सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बड़ा मंच मिले, यही क्रीड़ासंग्राम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य है। स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया।बउद्घाटन समारोह में मंत्री दादा भुसे, उदय सामंत, प्रताप सरनाईक, विधायक राजेश मोरे, डॉ. बालाजी किणीकर, सुलभा गणपत गायकवाड, रवींद्र फाटक, कुमार आयलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित थे। ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपळोलकर, कल्याण-डोंबिवली की महापौर हर्षाली चौधरी और उल्हासनगर की महापौर अश्विनी निकम भी उपस्थित थीं। 20 से 29 नवंबर के बीच चलने वाले इस क्रीड़ासंग्राम से ठाणे जिले के खेल क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले दिनों में विभिन्न मैदानों पर खेलों का उत्साह देखने को मिलेगा।

Post Views: 10