डोंबिवली में छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा, दावड़ी झील में डूबा 22 वर्षीय युवक जुगनू कश्यप!

  • डोंबिवली में छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा, दावड़ी झील में डूबा 22 वर्षीय युवक जुगनू कश्यप!
डोंबिवली : डोंबिवली के दावड़ी इलाके में छठ पूजा के दौरान रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पूजा के लिए दावड़ी झील में उतरा 22 वर्षीय युवक जुगनू कश्यप पानी में डूब गया। घटना के बाद झील परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। युवक की तलाश के लिए झील में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है। छठ पूजा के अवसर पर दावड़ी झील के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए थे। पूजा और धार्मिक अनुष्ठान चल रहे थे। इसी दौरान जुगनू कश्यप किसी कारण से झील के पानी में उतर गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने नाव की मदद से झील में युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बावजूद शुरुआती समय में उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद तलाश अभियान तेज कर दिया गया। कल्याण ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के शिवसेना विधायक राजेश मोरे भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने युवक की तलाश के लिए तहसीलदार, जिला प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और KDMC प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक राजेश मोरे ने युवक की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम बुलाने की मांग की है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें झील में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। घटना के बाद झील परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। छठ पूजा के उत्सव के बीच हुए इस हादसे से इलाके में चिंता और शोक का माहौल है। फिलहाल युवक का पता लगाने के लिए बचाव दल की कोशिशें जारी हैं।