ठाणे में पहली बार आयोजित हुई अनोखी ‘ग्रीन दिवाली पहाट’, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • ठाणे में पहली बार आयोजित हुई अनोखी ‘ग्रीन दिवाली पहाट’, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
  • ‘जितने पटाखे, उतने वृक्ष’ मुहिम के तहत पांच पर्यावरण प्रेमियों को ‘पर्यावरण रक्षक’ सम्मान से किया गया सम्मानित ।
ठाणे : ठाणे में पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के अनूठे संगम के रूप में पहली बार ‘ग्रीन दिवाली पहाट’ का आयोजन किया गया। शिवशांति प्रतिष्ठान की ओर से संस्था के संस्थापक एड. विनय कुमार सिंह की संकल्पना पर आधारित ‘जितने पटाखे, उतने वृक्ष’ मुहिम के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य दिवाली के उत्साह के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच पर्यावरण प्रेमियों को ‘पर्यावरण रक्षक’ सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में रोहित जोशी, व्हील्स एंड बैरल्स साइकिलिंग क्लब के चिराग शाह, सेवा कनेक्ट की डॉ. खुशबू पी. टाओरी (मोदी), खुशियां फाउंडेशन के चिनू क्वात्रा,  पुरुषोत्तम गुप्ता सहित पांच पर्यावरण प्रेमी शामिल रहे। इस अवसर पर संस्कार क्लासेस के विद्यार्थियों और आयोजकों ने एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बढ़ते प्रदूषण तथा विकास के नाम पर हो रही पेड़ों की कटाई के कारण प्रकृति और संस्कृति पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाया। कार्यक्रम में मैजिशियन सागर शिंदे ने मैजिक शो से सभी का मनोरंजन किया। वहीं, रील प्रतियोगिता के विजेताओं नन्ही अनुष्का ठाकुर और लक्ष्मी यादव को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। संस्था के संस्थापक एड. विनय कुमार सिंह ने कहा कि दिवाली के दौरान अक्सर पर्यावरण संरक्षण के नाम पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की जाती है, वहीं दूसरी ओर लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं के अनुसार पटाखे फोड़कर, दीप जलाकर और उत्साहपूर्वक त्योहार मनाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए प्रकृति और संस्कृति दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में दोनों के बीच संतुलन बनाना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ ‘जितने पटाखे, उतने वृक्ष’ मुहिम शुरू की गई है और इसी के अंतर्गत ‘ग्रीन दिवाली पहाट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि दिवाली की खुशियां मनाने के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति और संस्कृति के समन्वय से ही त्योहारों की वास्तविक खुशियां बरकरार रखी जा सकती हैं।संस्था के मार्गदर्शक नरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संगठन को निरंतर आगे बढ़ाने और समाजहित के कार्यों को गति देने की बात कही गई। इस आयोजन को सफल बनाने में लक्ष्मी मौर्या, शिक्षा यादव, गोपाल ठाकुर, प्रशांत दलाई महेंद्र पटेल,और अंकित तिवारी ने विशेष सहयोग दिया।