- विधायक राजेश मोरे ने की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ।
डोंबिवली : कल्याण ग्रामीण में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक राजेश मोरे ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिला परिषद स्कूलों के आधुनिकीकरण और निळजे में उपजिला अस्पताल शुरू करने की योजना पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रंजीत यादव, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पारगे, जिला शिक्षा अधिकारी राक्षे, कार्यकारी अभियंता युवराज कदम, उप अभियंता प्रदीप पाटील सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि कल्याण ग्रामीण के विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में दीर्घकालिक और स्थायी योजनाओं पर तेजी से काम किया जाए। समीक्षा बैठक में क्षेत्र की जिला परिषद स्कूलों की स्थिति, जर्जर भवनों, मरम्मत, मूलभूत सुविधाओं की कमी और घटती छात्र संख्या जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुरक्षित, डिजिटल और छात्र-केंद्रित स्कूल विकसित करने का खाका तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। बैठक में निळजे स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं की भी समीक्षा की गई। बढ़ती आबादी को देखते हुए निळजे में उपजिला अस्पताल शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया तेज करने, स्थानीय स्तर पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा माताओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर चर्चा हुई।
