- डोंबिवली में निर्माणाधीन अस्पताल की सुरक्षा दीवार ढही, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने किया निरीक्षण ।
- केडीएमसी कमिश्नर अभिनव गोयल, महापौर हर्षाली थाविल, उपमहापौर राहुल दामले, वरिष्ठ नगरसेवक विश्वनाथ राणे, महापालिका के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता निरीक्षण के दौरान रहे उपस्थित ।
डोंबिवली : पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण डोंबिवली शहर के कई हिस्सों में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी बीच डोंबिवली पूर्व स्थित ब्राह्मण सभा सभागार परिसर में निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल के पार्किंग कार्य के दौरान लगी सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) ढह जाने से आसपास के नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। सांसद डॉ. शिंदे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करने, पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा एहतियात के तौर पर स्थानांतरित किए गए परिवारों की उचित देखभाल और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी प्रशासन को दिए। निरीक्षण के दौरान केडीएमसी कमिश्नर अभिनव गोयल, महापौर हर्षाली थाविल, उपमहापौर राहुल दामले, वरिष्ठ नगरसेवक विश्वनाथ राणे, महापालिका के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित ठेकेदार एवं स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
