- बारिश में खुले बिजली के तार ने ली 24 वर्षीय महिला की जान ।
डोंबिवली : बारिश के बीच डोंबिवली पूर्व के तिलक नगर पुलिस की हद में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें सड़क पर गिरे खुले बिजली के तार की चपेट में आने से 24 वर्षीय शशी राहुल चक्र की मौत हो गई। वह अपने दो छोटे बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान लेने घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौट सकीं।बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था। इसी दौरान टूटे हुए बिजली के तार से पानी में करंट फैल गया। अनजाने में उस पानी से गुजरते ही शशी चक्र को तेज करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। इसी बीच मृतका के पति राहुल चक्र ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कानूनी प्रक्रिया के दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनसे ‘खर्चा-पानी’ की मांग की। परिजनों ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस आरोप पर तिलकनगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज भालेराव ने कहा कि पुलिस का काम मृतक परिजनों की मदद करना है। उन्होंने बताया कि महिला को करंट लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शास्त्री नगर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों को शव गांव ले जाना है, इसलिए उसे दो दिन तक शवगृह में रखना होगा। शव रखने के लिए निर्धारित शुल्क लगता है, जिसकी जानकारी पुलिस कांस्टेबल ने परिजनों को दी थी। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार से पुलिस कुछ क्यों मांगेगी, और यदि इस तरह की कोई बात सामने आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते टूटे बिजली के तार को हटाया जाता या इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो एक युवा महिला की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।