तीन मासूम बच्चों को सड़क पर छोड़कर मां फरार ।

  • तीन मासूम बच्चों को सड़क पर छोड़कर मां फरार ।

डोंबिवली : डोंबिवली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां अपने तीन मासूम बच्चों को सड़क पर छोड़कर फरार हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे डोंबिवली पश्चिम स्थित तुलसीराम बंगले के पास की है। बताया जा रहा है कि बच्चों की मां खाना लेने जाने की बात कहकर तीनों मासूमों को सड़क किनारे छोड़कर चली गई और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसी दौरान वहां से गुजर रही जयश्री यादव की नजर रोते-बिलखते बच्चों पर पड़ी। मानवता का परिचय देते हुए उन्होंने तीनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया और तत्काल विष्णु नगर पुलिस स्टेशन पहुंचाकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। बच्चों में दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। तीनों की उम्र करीब एक वर्ष, दो वर्ष और तीन वर्ष के करीब बताई जा रही है। मासूम बच्चों की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए। विष्णु नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राम चोपड़े ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चों की मां उन्हें जानबूझकर छोड़कर गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की मां की तलाश शुरू कर दी है।