शाहड रेलवे फ्लाईओवर के काम की जल्द शुरुआत!

  • शाहड रेलवे फ्लाईओवर के काम की जल्द शुरुआत!
  • सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के प्रयासों से प्रोजेक्ट निर्माण के चरण में
  • 325.93 करोड़ के प्रोजेक्ट से शाहड में बनेंगे दो नए दो लेन पुल
  • कल्याण-उल्हासनगर के ट्रैफिक जाम को मिलेगी राहत; भारी वाहनों के लिए अलग रास्ते की सुविधा
कल्याण : कल्याण और उल्हासनगर शहरों को जोड़ने वाले शाहड रेलवे फ्लाईओवर के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है और वर्क ऑर्डर दे दिए गए हैं। अब जल्द ही काम शुरू होगा। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के लगातार प्रयासों से यह प्रोजेक्ट अब अहम पड़ाव पर पहुंचा है। करीब 325.93 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट से पुराने और संकरे पुल के विकल्प के रूप में दो नए दो लेन पुल बनाए जाएंगे। इससे कल्याण, उल्हासनगर और मुरबाड की ओर जाने वाले ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलेगी। पहले चरण का नया पुल शुरू होने के बाद दूसरे चरण में पुराने पुल को धीरे-धीरे तोड़कर उसी जगह एक और नया दो लेन पुल बनाया जाएगा। इससे ट्रैफिक सुचारू रहेगा। शाहड रेलवे स्टेशन के पास मौजूदा फ्लाईओवर करीब 40 साल पुराना है और सिर्फ दो लेन का है। इसी वजह से यहां ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। भिवंडी, कल्याण, मुरबाड और अहमदनगर की ओर आने-जाने वाले भारी वाहन भी इसी पुल का इस्तेमाल करते हैं। टिटवाला-बदलापुर रोड के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण प्रोजेक्ट के तहत शाहड फ्लाईओवर को शामिल किया गया है। इस प्रोजेक्ट को MMRDA की अथॉरिटी बैठक में मंजूरी मिली है। कुल 325.93 करोड़ रुपये की तकनीकी मंजूरी दी गई है, जिसमें 199.21 करोड़ रुपये सिविल कामों के लिए मंजूर हैं। MMRDA के माध्यम से काम होगा।
दो चरणों में काम:
पहला चरण: मौजूदा पुल के बगल में नया दो लेन फ्लाईओवर बनेगा। यह पुल साई निर्वाणा डाउनटाउन सोसायटी के सामने से शुरू होकर मोहने रोड को पार करते हुए शाहड रेलवे स्टेशन से उल्हासनगर की ओर जाएगा। उल्हासनगर की तरफ पैराडाइज प्लाजा के पास लोकल ट्रैफिक के लिए उतार मार्ग, और पुल की अलग शाखा डी-मार्ट के आगे जोड़ी जाएगी। इससे मुरबाड की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अलग रास्ता मिलेगा।
दूसरा चरण: पहला पुल शुरू होने के बाद पुराना पुल तोड़कर उसी जगह नया दो लेन पुल बनेगा। दोनों चरण पूरे होने के बाद शाहड में मध्य रेलवे लाइन पर दो अलग-अलग दो लेन यानी कुल चार लेन फ्लाईओवर उपलब्ध होंगे।