- ठाणे में राष्ट्रीय पुलिस शहीद दिवस पर वीर शहीदों को नमन, 154 शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि ।
ठाणे : राष्ट्रीय पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर ठाणे पुलिस दल द्वारा आयोजित पुलिस स्मृति दिवस संचलन कार्यक्रम में कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। आपको बता दें कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ हुई मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों और देश सेवा में शहीद हुए सभी पुलिसकर्मियों की स्मृति को नमन करने के लिए हर साल आज के दिन को राष्ट्रीय पुलिस शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। पुलिस विभाग के अनुसार, 1 सितंबर 2025 से 30 अगस्त 2026 तक की अवधि में भारतीय पुलिस बल के 154 अधिकारी और जवानों ने विभिन्न अभियानों में कर्तव्य निभाते हुए शहादत प्राप्त की है। आज ठाणे के निर्मलादेवी चिंतामणराव दिघे मैदान स्थित पुलिस शहीद स्मृति स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शासकीय सम्मान के साथ शहीद जवानों को सलामी दी गई। इस अवसर पर ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुमरे, ठाणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. विनयकुमार राठौड़ सहित ठाणे शहर पुलिस दल के सभी प्रमुख अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

Post Views: 165