- मानव सेवा की मिसाल बना रक्तदान शिविर, 43 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान।
कल्याण : रक्तदान को महादान माना जाता है और जरूरत के समय यही रक्त किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। इसी मानवीय भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कमलादेवी महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 43 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग की ओर से आयोजित शिविर में संस्थापक सदानंदजी तिवारी, मुथा महाविद्यालय के संस्थापक प्रकाश मुथा, प्राचार्या डॉ. सिम्मी सिंह, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की समन्वयक अश्विनी राणे, अधीक्षक सचिन चौधरी, के. एम. अग्रवाल कॉलेज के सचिव ओमप्रकाशजी पांडे, उद्धव बालासाहेब ठाकरे पक्ष के जिलाध्यक्ष शरद पाटील, महिला संगठन की मीनाताई उबाळे तथा नार्वेकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। महाविक्टरी चैरिटेबल ट्रस्ट लाइफलाइन ब्लड बैंक के डॉ. कमलेश गुप्ता एवं डॉ. प्रतीक्षा पाटील तथा बापगांव ब्लड बैंक के प्रतिनिधियों ने शिविर में सहयोग किया। रक्त की आवश्यकता दुर्घटनाग्रस्त मरीजों, शल्यक्रिया कराने वाले मरीजों, प्रसूता महिलाओं तथा विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में होती है। शिविर के माध्यम से ‘रक्तदान करें, जीवन बचाएं’ तथा ‘रक्तदान श्रेष्ठदान, जीवनदान’ का संदेश दिया गया। आयोजन की सफलता में राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग के प्राध्यापकों, स्वयंसेवक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने विशेष योगदान दिया।
