- KDMC के कर विभाग का क्लर्क 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
डोंबिवली : कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) के कर विभाग में कार्यरत क्लर्क सिद्धार्थ बोराडे को ठाणे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद केडीएमसी में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार, एक नागरिक ने काम कराने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी क्लर्क को रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय मौके पर ही दबोच लिया। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस रिश्वतखोरी के मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भी संलिप्तता तो नहीं है।इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
