- स्वच्छ कल्याण-डोंबिवली का नारा देने वाले KDMC मुख्यालय में ही गंदगी का भंडाफोड़, सड़ा हुआ कुत्ते का शव पड़ा रहा घंटों!
कल्याण : स्वच्छ और सुंदर कल्याण-डोंबिवली का नारा देने वाली कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) के मुख्यालय में ही अस्वच्छता की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। मुख्यालय की एक इमारत के पास सड़ी-गली अवस्था में मृत कुत्ते का शव काफी देर तक पड़ा रहा। खास बात यह है कि इसी इमारत में महापौर का कक्ष, महापालिका सभागृह और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालय हैं। ऐसे में महापालिका की स्वच्छता व्यवस्था पर ही सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना की तस्वीरें और जानकारी वायरल होने के बाद घनकचरा प्रबंधन विभाग को होश आया। इसके बाद मृत कुत्ते के शव को पहले प्लास्टिक से ढका गया और फिर कचरा उठाने वाली गाड़ी से हटाया गया। मुख्यालय जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर ऐसी स्थिति बनना महापालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। इतना ही नहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों के नवीनीकरण से निकला प्लाईवुड, टूटी कुर्सियां और अन्य कबाड़ सामान भी इमारत के बाहर खुले में फेंका गया है। इस सामान से आग लगने का खतरा भी पैदा हो गया है। एक तरफ शहर की स्वच्छता के दावे और दूसरी तरफ महापालिका मुख्यालय में ही कचरे के ढेर, इस विसंगति से नागरिकों में नाराजगी है।

Post Views: 14