मीरा-भाईंदर में क्रिकेट बैट ब्रिज विवाद: ‘विश्वगुरु उड़ान पुल’ पोस्टर से भड़की राजनीति

चतुर्भुजा पाण्डेय @ हिन्द सागर
मीरा-भाईंदर: शहर के गोल्डन नेस्ट में स्थित चर्चित क्रिकेट बैट ब्रिज को लेकर राजनीति गरमाती नजर आ रही है, जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुल पर “विश्वगुरु उड़ान पुल” नाम का पोस्टर लहरा दिया। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन से लेकर राजनीतिक दलों तक में नए विवादों को जन्म दिया है, और मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

गत दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में क्रिकेट बैट ब्रिज के ऊपर बड़े अक्षरों में “विश्वगुरु उड़ान पुल” लिखा एक फलक दिखाया गया, जिसे युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से लगाया था। इसका मकसद उन्होंने पुल के अद्भुत डिजाइन, निर्माण की गुणवत्ता और काम में देरी पर सरकार को निशाना बनाना बताया।

युवा कांग्रेस का कहना है कि “जिन विकास कार्यों का ढोल पीटा जाता है, वो असलियत में जनता को सुविधा नहीं दे पाते”, और इसी संदेश को लेकर उन्होंने विश्वगुरु उड़ान पुल का पोस्टर लगाया। वहीं, इस कदम को लेकर स्थानीय बीजेपी और सत्ताधारी दलों ने इसे राजनीति का हिस्सा बताकर आपत्ति जताई है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह मामला नगरवासियों के बीच पुल के विषय में असंतोष और राजनीतिक दलों के बीच सुचना-रणनीति की लड़ाई का नया रूप बन गया है। इस पोस्टर को लेकर स्थानीय नागरिकों और राजनीति के बीच तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आई हैं।

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब क्रिकेट बैट ब्रिज की मजबूती, उपयोगिता और डिजाइन पर पहले से ही शहर में कई तरह की चर्चाएँ हो रही थीं और सोशल मीडिया पर भी यह पुल लगातार चर्चा में रहा है।